रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान एक बार फिर शुरू हो गया है। उप मुख्य डाकघर के पास फुटपाथ और नाली पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से हटवा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नाले, नाली अथवा फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
एसडीएम रिंकू सिंह राही के स्थानांतरण के बाद कुछ स्थानों पर दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा दोबारा अतिक्रमण करना शुरू कर दिया गया था। दुकानदार फुटपाथ तक सामान लगा रहे हैं। जिससे यातयात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नगर पालिका द्वारा लगातार दो दिन तक मुनादी कर लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने चेतावनी के बावजूद फुटपाथ और नाले नालियों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। एसडीएम राकेश कुमार सोनी, सीओ अजय कुमार सिंह, नगर पालिका ईओ सुशील कुमार और कोतवाल हरिशंकर चंद के नेतृत्व में नगर पालिका एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने देवनगर चौराहे से उप मुख्य डाकघर तक अभियान चलाया। इस दौरान उरई चौराहे से बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर फुटपाथ और नाली पर किए गए पक्के अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। अन्य अतिक्रमणकारियों ने स्वयं की अपना अतिक्रमण हटा लिया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में फुटपाथ, नाली और सार्वजनिक मार्ग पर किसी प्रकार का कब्जा न करें। एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कहा कि सड़क और फुटपाथ आम जनता की सुविधा के लिए हैं। यदि किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया तो उसे तत्काल हटाया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया जाएगा। ईओ सुशील कुमार ने बताया कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए प्रतिदिन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे नाले, नालियों, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि यातायात और आमजन की सुविधा प्रभावित न हो।





