एसडीएम जालौन ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस,, मीडिया से बताई यह होंगी प्राथमिकताएं

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण और अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा। यह बात एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।
पत्रकारों से वार्ता के दौरान एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। राजस्व संबंधी मामलों, जनशिकायतों और अन्य प्रशासनिक कार्यों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार उसका समाधान कराया जाएगा। सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर राजस्व, नगर पालिका और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसका संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भी पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।