जालौन में चला अतिक्रमण के खिलाफ अभियान, कर्मचारियों पर लगा तिरपाल फाड़ने का आरोप

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में स्थानीय प्रशासन द्वारा नगर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को प्रशासन ने झंडा चौराहे के आसपास अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों द्वारा छाया के लिए लगाई गई तिरपाल को भी जबरन हटा दिया। कुछ लोगों के तिरपाल फाड़ भी दिए गए। इसको लेकर दुकानदारों ने नाराजगी व्यक्त की।
नगर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को देर शाम नगर में सब्जी मंडी, पत्थर वाली गली और झंडा चौराहे की ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान एसडीएम राकेश कुमार सोनी, सीओ अजय कुमार सिंह, ईओ सुशील कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। गर्मी और बरसात में धूप और बारिश के बचने के लिए छोटे और मझले दुकानदारों द्वारा तिरपाल लगा लिए जाते हैं। अभियान के दौरान नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने जबरन तिरपालों को हटा दिया। जो आसानी से नहीं खिंच सके उन्हें फाड़ दिया गया। पालिका कर्मचारियों के इस व्यवहार को लेकर व्यापारियों ने नाराजगी व्यक्त की है। व्यापारी सुरेश, आरिफ, अजीत आदि का कहना था कि धूप और बारिश बचने के लिए तिरपाल लगाए हैं। शाम को तिरपाल बंद भी थे तो भी उन्हें फाड़ दिया गया। यह उचित नहीं है। यदि सड़क या फुटपाथ पर सामान हो, कच्चा पक्का निर्माण हो, नालियों के ऊपर अतिक्रमण हो तो उन्हें हटा दिया जाए इसमें कुछ गलत नहीं है। लेकिन धूप और बारिश से बचने के लिए लगाए गए तिरपाल को फाड़ना गलत है। इसको लेकर एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कहा कि किसी भी कर्मचारी को तिरपाल आदि फाड़ने की अनुमति नहीं दी गई थी। निर्धारित व्यवस्था के तहत ही अतिक्रमण हटाया जाएगा।