Jalaun संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की रात मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहल्ले के लोगों की मानें तो विवाहिता ने खुदकुशी की है।
कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला चौधरयाना निवासी प्रिंस सोनी का विवाह बीती छह मई को बांदा निवासी सुखलाल की बेटी प्रीति सोनी के साथ हुआ था। नव विवाहिता प्रीति सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार की रात को मौत हो गई। मोहल्ले में चर्चा है कि नव विवाहिता ने साड़ी का फंदा लगाकर कमरे में फांसी लगा ली जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय सास पूजा करने के लिए गई थी। जानकारी के अनुसार परिजन पहले उसे एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे देखकर सीएचसी जाने की सलाह दी। सीएचसी में डांॅक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक द्वारा मृत घोषित करने के बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस व मायके पक्ष को दी। घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंच गए और नवविवाहिता की संदिग्ध मौत को देखते हुए शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर आ गए। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।