रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में बारिश के चलते व हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने और उसके बाद बिजलीघर में आयी खराबी के कारण नगर की बिजली आपूर्ति पूरी रात ठप रही। रातभर बिजली गुल होने के कारण नगर व आसपास के गांवों के लोग उमस भरी गर्मी में रात भर करवटें बदलते रहे। बिजली न आने से सुबह जलापूर्ति प्रभावित हुई।
रविवार की रात करीब साढे़ आठ बजे तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश होने लगी। बारिश के दौरान कोंच मार्ग पर स्थित 132 केवी बिजलीघर में खराबी आ गयी। बिजलीघर में खराबी आने के कारण ब्रेक डाउन हो गया जिससे नगर समेत व आसपास के गांव लौना, छानी, भिटारा, अकोढ़ी गायर, सारंगपुर, छौलापुर, गूढ़ा समेत लगभग 10 गावों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद ब्रेक डाउन पर लाइन की चेकिंग की गई तो पता चला कि लौना के पास पेड़ टूट कर लाइन पर गिर गया है। पेड़ को काट कर हटाने का काम रात में लगभग 11 बजे बारिश बंद होने के बाद शुरू किया गया। रात में काम पूरा न होने के कारण रात साढ़े 10 बजे से सुबह छह बजे तक नगर की बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह जैसे ही बिजली आपूर्ति शुरू होने को हुई तो इनकमर में खराबी आने के चलते बिजली बंद हो गई। सुबह लगभग साढ़े सात बजे बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद एक एक फीडर से आपूर्ति शुरू की गई। इसी दौरान बालाजी फीडर की मशीन में नमी आने के कारण बिजली आपूर्ति लगभग 10 बजे तक बंद रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से नगर व असपास के 10 गांवों के लोग रात भर सो नहीं पाये। रात भर करवटें लेते रहे। रात भर बिजली न आने के कारण इंवर्टर भी जबाव दे गए लोग रात में अपने मोबाइल तक चार्ज नहीं कर सके। सुबह के समय बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण नगर की जलापूर्ति भी बाधित हुई। रात में बिजली बंद होने के कारण नगर में स्थित सभी पंप बंद हो गये जिससे लाइनें रीचार्ज नहीं हो पाई। जिसके चलते बिजली के आने के बाद भी काफी देर तक घरों में पानी नहीं पहुंच पाया। जेई नवीन कुमार की निगरानी में बिजली कर्मचारी सामीर अली, सुरेश कुमार, सोनू बाथम की टीम ने रात भर मशक्कत के बाद नगर की बिजली आपूर्ति को सुचारू कर पाई। अवर अभियंता नवीन कुमार ने बताया कि तारों पर पेड़ गिरने व बिजलीघर की मशीन में नमी आने के कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ गया था जिससे सुबह बहाल कर दिया गया।







