जालौन में दूसरे दिन भी पटरी पर नहीं आ पाई बिजली व्यवस्था,,परेशान रहे लोग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर में लगातार दूसरे दिन भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सकी। रविवार रात हुई लंबी बिजली कटौती के बाद सोमवार की रात भी तोपखाना और साहवनाका फीडर से जुड़े मोहल्लों के लोगों को लो वोल्टेज और बार-बार बिजली आने-जाने की समस्या से जूझना पड़ा। पूरी रात बिजली की आंख-मिचौली जारी रहने से लोगों की नींद खराब हुई। उमस भरी गर्मी के बीच लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
रविवार की रात तेज हवा और बारिश के दौरान आई तकनीकी खराबी के कारण नगर समेत आसपास के गांवों की बिजली पूरी रात बाधित रही थी। सोमवार को दिन में आपूर्ति सामान्य रही, लेकिन रात होते ही एक बार फिर बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। तोपखाना और साहवनाका फीडर से जुड़े मोहल्लों में पूरी रात बिजली की आंख मिचौली रही। कई बार बिजली कुछ मिनट के लिए आई और फिर अचानक गुल हो गई। इसके अलावा अधिकांश समय लो वोल्टेज की समस्या बनी रही, जिससे पंखे और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल सके। उमस और गर्मी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और बीमार सबसे अधिक परेशान रहे। कई घरों में इनवर्टर भी बार-बार चार्ज और डिस्चार्ज होने के कारण अपेक्षित बैकअप नहीं दे सके। अतुल, राहुल आदि ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है, जिससे दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। बार-बार बिजली ट्रिप होने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने की आशंका भी बनी रहती है। जेई नवीन कंजौलिया ने बताया कि रविवार की रात 132 केवी उपकेंद्र के पास बिजली गिरने से समस्या आई थी। सोमवार की रात मशीन में गड़बड़ी के चलते समस्या हुई है। जिसे ठीक कर लिया गया है, अब बिजली आपूर्ति सामान्य हो चुकी है।