वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाया जाएःगंगवार
सभी विभाग लक्ष्य के अनुरूप तैयारी पूरी करें, किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं होगी
ब्यूरो रिपोर्ट

Orai / Jalaun news today । जालौन जनपद में शुक्रवार को राज्य मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश संजय सिंह गंगवार ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूरी तैयारी समय से पूर्ण करे। जनपद की विभागवार तैयारियों, माइक्रोप्लान, पौध उपलब्धता, गड्ढा खुदान, रोपण स्थलों के चयन, पौध उठान, वीआईपी वृक्षारोपण स्थल तथा विभागीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में तैयार किए गए माइक्रोप्लान के अनुरूप रोपण कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक रोपे गए पौधे के संरक्षण और जीवित रहने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित रहे। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी नियमित सिंचाई, सुरक्षा, जियो टैगिंग और निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि अभियान शत-प्रतिशत सफलता के साथ संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधि समाजसेवी आदि एक-एक पौधा अपने मां के नाम फैमिली के साथ अवश्य लगाएं। समीक्षा के दौरान विभागवार लक्ष्य एवं प्रगति का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए गए कि जिन विभागों में तैयारी शेष है, वह तत्काल उसे पूर्ण करें। वृक्षारोपण हेतु चिन्हित स्थलों, अग्रिम मृदा कार्य तथा गड्ढा खुदान की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण कर ली जाए ताकि अभियान के दिन किसी प्रकार की बाधा न आए। पौधशालाओं में उपलब्ध पौधों की गुणवत्ता एवं ऊंचाई की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित जनप्रतिधि व वन विभाग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के प्रचार-प्रसार हेतु पांच प्रचार वाहन रवाना
राज्य मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश संजय सिंह गंगवार, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चैहान एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर वन विभाग के पांच प्रचार वाहनों को रवाना किया। यह प्रचार वाहन जनपद की सभी तहसीलों कालपी, कोंच, उरई, जालौन एवं माधौगढ़ में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।








