रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहे बाइक सवार तीन व्यक्तियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर कार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि गंभीर रुप से घायल तीसरे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च संस्थान रेफर किया गया।
जखा निवासी तीन दोस्त कुलदीप कुमार (45) छोटे खान (32) व कमलेश (24) बुधवार की दोपहर करीब एक बजे जखा गांव से मदारीपुर स्थित पेट्रोल टैंक पर बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए जा रहे थे। मदारीपुर पहुंचकर सड़क की दूसरी ओर पेट्रोल टैंक होने के चलते वह कट से होकर बाइक सड़क के दूसरी ओर ले जाने लगे। जैसे ही उन्हेांने कट से बाइक निकाली तभी जालौन की ओर से औरैया की ओर जा रहे तेज रफ्तार कार के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बाइक सवार तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना तत्काल यूपी 112 को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने कुलदीप व छोटे खान को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कमलेश को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च संस्थान रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कार चालक हादसे के बाद कार को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। दोनों मृतकों के घर जब यह सूचना पहुंची तो उनके घरों में कोहराम मच गया।






