रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन में भारत विकास परिषद छत्रसाल शाखा द्वारा स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज में पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने पौधरोपण कर किया। विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। भारत विकास परिषद के संरक्षक डॉ. वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, लगातार कटते जंगल और बदलता जलवायु संतुलन पूरी मानवता के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करनी चाहिए। शाखा अध्यक्ष सुशील कुमार बाजपेयी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि आज पौधरोपण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित वातावरण मिलना कठिन हो जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य गुरु प्रकाश दीक्षित ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी मां और मातृभूमि के प्रति सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाला अभियान है। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष गिरीश गुप्ता, राजीव महेश्वरी, जितेंद्र गुर्जर, माधव व्यास, अनुरुद्ध, आशीष, सुनील, योगेंद्र, केके, अनुराग, रूपेश आदि रहे।





