UP T 20 : अभिनंदन के चौके और आराध्य के अर्धशतक से लखनऊ फाल्कन्स की जीत

एस एम अरशद

Lucknow sports news today । मैन ऑफद मैच अभिनंदन सिंह (4 विकेट) और आराध्य यादव (51) के अर्धशतक से लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग मुकाबले में नोएडा किंग्स को तीन विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार शाम खेले गए मुकाबले में लखनऊ ने दबाव के बीच लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया।

लखनऊ की जीत में अभिनंदन सिंह की चार विकेट की शानदार गेंदबाजी अहम रही। हालांकि नोएडा किंग्स को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन नोएडा के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम ने भी सभी को प्रभावित किया।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के ‘स्पीड हंट’ की खोज शुभम को नीलामी में 21.50 लाख रुपये में खरीदा गया था। उन्होंने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

इस मैच की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर की।

इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य मोहनलाल अग्रवाल और फैसल शेरवानी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने क्रिकेट को लेकर प्रदेश में एक अलग तरह का उत्साह पैदा किया है। इस लीग में युवा खिलाड़ियों को अनुभवी और स्थापित क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलता है।

डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के हर मुकाबले के साथ प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ रहा है। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को लगातार बेहतर अवसर मिलें और वे इस मंच का पूरा लाभ उठाकर अपने खेल को निखारें। दर्शकों का उत्साह भी लीग की सफलता को और खास बना रहा है।

टॉस जीतकर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। नोएडा किंग्स ने पहले विकेट के लिए 34 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की, लेकिन चौथे ओवर में नवनीत कुमार ने शोएब सिद्दीकी को आउट कर नोएडा को पहला झटका दिया।

इसके बाद पांचवें ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने इस ओवर में दो बल्लेबाजों को बोल्ड किया, जबकि प्रियम गर्ग के शानदार सीधे थ्रो ने एक और विकेट हासिल किया। इस तरह नोएडा किंग्स पावरप्ले के भीतर ही 48 रन पर पांच विकेट गंवा चुका था।

हालांकि शिवा सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर विप्रज निगम के खिलाफ आठवें ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन अगले ही ओवर में नवनीत कुमार ने उन्हें आउट कर तीसरा विकेट अपने नाम किया।

फिर बॉबी यादव (29) और कार्तिक सिद्धू (23) ने आठवें विकेट के लिए 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर नोएडा की पारी को संभाला। भारत के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार ने पारी के 19वें ओवर में सिद्धू को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। इसके बाद अंतिम ओवर में अभिनंदन सिंह ने दो और विकेट हासिल किए जिससे नोएडा किंग्स 19.5 ओवर में 136 रन पर सिमट गयी।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने 19.2 ओवर में सात विकेट पर 140 रन बनाकर जीत अपने नाम की। हालांकि टीम 41 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में पड़ गयी। नोएडा के शुभम गौतम ने सीजन का अपना पहला विकेट हासिल करते हुए मोहम्मद सैफ को पवेलियन भेजा।

इसके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज आराध्य यादव ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की पारी को संभाला। उन्होंने 42 गेंदों पर 5 चौके व दो छक्के से 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।

हालांकि शुभम गौतम ने 16वें ओवर में लगातार दो विकेट लिए। उन्होंने पहले आराध्य यादव को आउट किया और फिर इम्पैक्ट प्लेयर अली जफर मोहसिन को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इस समय लखनऊ का स्कोर 108 रन पर छह विकेट था और उसे 24 गेंदों में 29 रन की जरूरत थी।

ऐसे दबाव भरे समय में समीर चौधरी ने शानदार संयम दिखाया। उन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 28 रन की पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। समीर ने 20वें ओवर में विजयी रन बनाकर लखनऊ फाल्कन्स को तीन विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

जिलों से खबरें भेजने वाले साथी संपर्क कर सकते हैं: 9415795867 –8840345105