रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन-उरई स्टेट हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अकोढ़ी दुबे गांव के पास हाईवे पर अचानक आई नीलगाय से यूपी 112 की पीआरवी गाड़ी टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन का बोनट और अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि गाड़ी में सवार चालक समेत तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
बुधवार सुबह यूपी 112 की टीम पुलिस लाइन में होने वाली परेड में शामिल होने के लिए चालक समेत तीन पुलिसकर्मी जालौन से उरई की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन अकोढ़ी दुबे गांव के समीप पहुंचा, तभी खेतों की ओर से एक नीलगाय दौड़ती हुई अचानक हाईवे के बीचों-बीच आ गई। चालक ने वाहन को बचाने के लिए ब्रेक लगाए और मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नित्रंत्रित नहीं हो सका और सीधे नीलगाय से जा टकराया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त पीआरवी वाहन को हाईवे के किनारे हटवाया गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गनीमत रही कि हादसे में चालक समेत तीनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।










