आठ आरोपी गिरफ्तार, 50 महिला-पुरुष सकुशल मुक्त फर्जी कंपनी के दस्तावेज और मोबाइल बरामद
ब्यूरो रिपोर्ट
Jhansi news today । – नौकरी दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले और जरूरतमंद लोगों को अपने जाल में फंसाकर बंधक बनाने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ झांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बंधक बनाए गए 50 महिला एवं पुरुषों को सकुशल मुक्त कराया है। मौके से साइबर अपराध में इस्तेमाल आठ मोबाइल फोन, नकदी और फर्जी कंपनियों से संबंधित बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी विकास कुमार के निर्देशन में की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम असमा वकार के नेतृत्व में गठित टीम ने 5 सितंबर को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली चैकी अंतर्गत एल्डिको राजगढ़ स्थित एक कार्यालय पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार आरोपी नौकरी का लालच देकर लोगों को बुलाते थे और बाद में धमकाकर बंधक बना लेते थे। उनसे परिचितों को फोन कराकर अन्य लोगों को भी नौकरी के नाम पर बुलवाया जाता था। एंट्री फार्म के नाम पर 1,100 रुपये तथा नौकरी शुरू कराने के नाम पर 25 से 30 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। इसके बाद नेटवर्किंग और मल्टी लेवल मार्केटिंग के नाम पर भी रकम ऐंठी जाती थी। मौके से 52 स्टाम्प पेपर, छह रजिस्टर, पांच कॉपियां, छह डायरी, नौ प्रमाण-पत्र, आवेदन फार्म की नौ जिल्द, कैशबुक, तीन इन्क्वायरी बुक और एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस ने साइबर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम का पता लगाया जा रहा है।





