झांसी में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा,

1.07 करोड़ कीमत का 214 किलो गांजा बरामद, ट्रक समेत दो तस्कर गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट

Jhansi news today – अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बबीना पुलिस और एएनटीएफ झांसी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 214 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ट्रक भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को बबीना पुलिस और एएनटीएफ टीम को सुकमा-डुकमा रोड पर नयाखेड़ा की ओर अनिल वाल्मीकि के फार्म हाउस के सामने संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर ट्रक संख्या PB10JE5483 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखा गया 214 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से ट्रक चालक सतपाल उर्फ सत्यपाल (46), निवासी पानीपत, हरियाणा तथा मोहन कुशवाहा (27), निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के भुवनेश्वर से ग्वालियर ले जाने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, मोहन कुशवाहा ने बताया कि उसे गांजा पहुंचाने के बदले 30 हजार रुपये, जबकि चालक सतपाल को एक लाख रुपये देने की बात कही गई थी। आरोपियों ने पूछताछ में गांजा लोड कराने और ग्वालियर में माल उतरवाने से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। इस संबंध में थाना बबीना में मुकदमा संख्या 295/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रक को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ, आईजी झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन और एसएसपी झांसी विकास कुमार के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थानाध्यक्ष बबीना राहुल सिंह राठौर मय पुलिस टीम और एएनटीएफ झांसी की टीम शामिल रही।