जालौन में हुआ लघु सेवा शिविर का शुभारंभ,, विधिक सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना उद्देश्य

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन, उरई के तत्वावधान में ग्राम हरिपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए लघु सेवा शिविर का आयोजन किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सिविल जज जूनियर डिवीजन जालौन जावेद खान की अध्यक्षता तथा तहसीलदार अभिनव तिवारी के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता से संबंधित जानकारियां दी गईं। आंगनबाड़ी सुपरवाइजर निहारिका गौतम ने विभागीय योजनाओं के बारे में बताया, जबकि तहसीलदार अभिनव तिवारी ने तहसील स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला विधिक सेवा समिति तहसील जालौन के सदस्य एवं अधिवक्ता प्रदीप कुमार ने विधिक सहायता शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों से एक नवंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई के गेट नंबर एक पर आयोजित होने वाले मेगा विधिक सेवा एवं सहायता शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

इस दौरान अधिवक्ता सुभान खान, सहायक अध्यापिका पूनम और क्षेत्रीय लेखपाल सुधा अग्रवाल ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया। शिविर में अधिवक्ता जितेंद्र यादव, हर्षित राय, अमित चौहान, यासीन बाबू, बिजेंद्र बाबूजी, पीएलवी विपिन बुधौलिया और योगेश श्रीवास्तव सहित ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लालजी मिश्रा, हरिनारायण मिश्रा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।