जालौन क्षेत्र के इस गांव में बदहाली का शिकार हैं BSNL नेटवर्क की सेवा,,परेशान हैं ग्रामीण,लगाई मंत्री से गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । तहसील जालौन के ग्राम खनुआ में बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने अब केंद्रीय दूरसंचार मंत्री से गुहार लगाई है।
ग्रामीण अशफाक, ब्रजेन्द्र, आशुतोष, सुनील आदि ने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री, भारत सरकार को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि ग्राम खनुआ, ब्लॉक जालौन में बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते ग्रामीणों को मोबाइल कॉलिंग और इंटरनेट का उपयोग करने में काफी दिक्कत होती है। नेटवर्क की समस्या से किसान, मजदूर, विद्यार्थी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बताया कि मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा ठीक न होने के कारण विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करने, लोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रियाओं को पूरा करने में परेशानी होती है। वहीं, आपातकालीन स्थिति में किसी से संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट जरूरी सेवाओं का हिस्सा बन चुके हैं, ऐसे में गांव में नेटवर्क की बेहतर सुविधा उपलब्ध होना आवश्यक है। ग्रामीणों ने गांव में बीएसएनएल नेटवर्क की स्थलीय जांच कराने और तकनीकी सर्वेक्षण कराए जाने की मांग की है। साथ ही, आवश्यकता के अनुसार नया बीएसएनएल मोबाइल टावर स्थापित करने अथवा मौजूदा नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि कॉलिंग और इंटरनेट सेवाएं बेहतर हो सकें। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के शीघ्र समाधान के लिए निर्देश देने और कार्रवाई की समय-सीमा निर्धारित करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि नेटवर्क व्यवस्था सुधरने से गांव के आम नागरिकों और गरीब परिवारों को सस्ती मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।