लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज,, बढ़ी किसानों की चिंताएं,, ऊपर वाले से कर रहे दुआ

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रिमझिम बारिश से खेतों में तैयार खड़ी ज्वार और बाजरा की फसल पर संकट मंडराने लगा है। किसानों को आशंका है कि यदि मौसम का यही हाल रहा तो खरीफ की बची-खुची फसल भी प्रभावित हो सकती है।
एक ओर अतिवृष्टि के चलते किसानों की तिल की फसल खराब हो गई है। वहीं अब किसानों के सामने दूसरी परेशानी खड़ी हो गई है। खेतों में ज्वार और बाजरा की फसल पककर तैयार है। कई किसान कटाई की तैयारी में जुटे हैं, जबकि कुछ ने कटाई शुरू भी कर दी है। ऐसे में बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल के साथ कटी हुई उपज के भी भीगने का खतरा बढ़ गया है। नमी अधिक होने से अनाज का रंग खराब होने और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। किसान विजय शर्मा, राजीव, अनिल कुमार ने बताया कि खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। कई किसानों ने कर्ज लेकर बुवाई की थी। तिल की फसल खराब होने के बाद उन्हें राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक नुकसान की भरपाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से उनकी चिंता बनी हुई है। किसानों ने प्रशासन से फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सहायता नहीं मिली तो आर्थिक संकट और गहरा सकता है। लगातार बारिश और कर्ज के बोझ के बीच किसान अब मौसम साफ होने और अपनी बची हुई फसल सुरक्षित निकालने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।