लखनऊ विकास प्राधिकरण ने नैमिष नगर और वरुण विहार योजना में आवंटित किये भूखण्ड

एलडीएः दीवाली से पहले 2,243 परिवारों को लॉटरी से मिले भूखण्ड

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

Lucknow news today ।लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा दीवाली से पहले नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के आवेदकों के मध्य भूखण्डों का आवंटन किया गया। बुधवार को दोनों योजनाओं के प्रथम चरण के 2,243 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया गया। अपने नाम की पर्ची खुलते ही किसी का चेहरा खिल उठा तो किसी की आंखों में खुशी के आंसू छलक आये। अब बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को अन्य श्रेणी के भूखण्डों की लॉटरी निकाली जाएगी। इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सी0पी0 त्रिपाठी, संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम, उप सचिव माधवेश कुमार, प्रभारी अधिकारी-योजना रवि नंदन सिंह एवं विशेष कार्याधिकारी राजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर लॉटरी कार्यक्रम का जायजा लिया। उन्होंने लॉटरी की पूरी प्रक्रिया एवं आवेदकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पारदर्शिता के साथ आवंटन प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही, लॉटरी में उपस्थित सभी आवेदकों को शुभकामनाएं दीं।

वहीं, एलडीए के सचिव सुशील प्रताप सिंह ने भी लॉटरी कार्यक्रम पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवंटन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की तथा पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सफल आवेदकों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में वरुण विहार योजना के प्रथम चरण की लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया गया। पहले दिन 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 1,522 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया गया। अब बृहस्पतिवार को 200 वर्ग मीटर के 617 एवं शुक्रवार को 162, 288, 300 एवं 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 727 भूखण्डों का लॉटरी ड्रॉ किया जाएगा।

अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में नैमिष नगर योजना के प्रथम चरण की लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया गया। पहले दिन 72 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 197 एवं 112.5 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 524 भूखण्डों का लॉटरी से आवंटन किया गया। अब बृहस्पतिवार को 162 एवं 200 वर्ग मीटर के 819 एवं शुक्रवार को 288 एवं 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 133 भूखण्डों का लॉटरी ड्रॉ किया जाएगा।

यू-ट्यूब पर लॉटरी का लाइव प्रसारण

नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के भूखण्डों के लिए 24 सितंबर से 27 अक्टूबर, 2026 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था। दोनों योजनाओं में कुल 38,457 लोगों ने पंजीकरण कराया है। बुधवार को लॉटरी के पहले दिन दोनों योजनाओं के 2,243 भूखण्डों का लकी ड्रॉ खोला गया। जिसमें खुले मंच पर आवेदकों को बुलाकर उन्हीं के हाथों से लॉटरी ड्रॉ की पर्चियां निकलवायी गयी। साथ ही साथ पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।

एलडीए ने जिस पारदर्शिता के साथ भूखण्डों की लॉटरी करायी, उसकी सबने जमकर सराहना की। लॉटरी में सफल रहे आदित्य प्रताप, मूसा देवी, अनीता कुमारी रत्ना ने बताया कि पूरी व्यवस्था बहुत अच्छी थी। कई आवेदक ऐसे थे, जो यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण में अपना नाम देखकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे। रोहित कुमार त्रिपाठी, गौरव सिंह एवं राजेश कुमार समेत अन्य लोगों ने भी एलडीए को धन्यवाद दिया।