पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन में आम जनता की पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अशफाक राईन ने एसपी को मांग पत्र सौंपकर जनपद की सभी तहसीलों में पुलिस शिकायत पेटिकाएं स्थापित कराने की अपील की है।
मुरली मनोहर निवासी अशफाक राईन ने एसपी को मांग पत्र सौंपकर बताया कि कई बार पीड़ित व्यक्ति स्थानीय थाने या संबंधित पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखने में असहज महसूस करता है। वहीं, कुछ मामलों में शिकायतों पर उचित सुनवाई न होने के कारण पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना पड़ता है। ऐसी स्थिति में तहसील परिसर में शिकायत पेटिकाएं स्थापित होने से आम नागरिक बिना किसी डर, दबाव और संकोच के अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा सकेंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक तहसील में ताला बंद शिकायत पेटिका लगाई जाए और उसकी चाबी किसी जिम्मेदार एवं विश्वसनीय कर्मचारी को सौंपी जाए। पेटिकाओं में प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों को नियमित रूप से डाक के माध्यम से सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय उरई भेजने की व्यवस्था की जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर शिकायतें लंबित न रहें और पीड़ितों की आवाज उच्च अधिकारियों तक पहुंचे। उन्होंने यह भी मांग की कि पुलिस अधीक्षक स्वयं प्राप्त शिकायतों का अवलोकन कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाए और प्रत्येक शिकायत के निस्तारण की समय-सीमा निर्धारित की जाए।






