पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता पर निस्तारण, सड़कों को गड्ढामुक्त करने एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश
पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
Lucknow news today ।मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आज आयुक्त सभागार में लखनऊ मण्डल के छह जनपदों- लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर एवं उन्नाव में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। मण्डलायुक्त ने विभागवार योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित रैंकिंग की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

वृद्धावस्था पेंशन योजना की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मण्डल के छह जनपदों में प्राप्त 34,161 नवीन आवेदनों में से 33,491 स्वीकृत किए गए हैं तथा 670 आवेदन लंबित हैं। निराश्रित महिला पेंशन योजना में प्राप्त 38,468 आवेदनों में से 37,538 स्वीकृत तथा 930 अवशेष हैं। दिव्यांगजन पेंशन योजना में प्राप्त 6,076 आवेदनों में से 4,421 स्वीकृत, 1,118 अस्वीकृत तथा 537 लंबित हैं। मण्डलायुक्त ने सभी लंबित आवेदनों का परीक्षण कर पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता पर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत प्राप्त 50,389 आवेदनों में से 38,858 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है तथा 2,892 आवेदन सत्यापन हेतु लंबित हैं। उन्होंने सत्यापन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को आर्थिक सहायता एवं उच्च शिक्षा के लिए अनुमन्य सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने तथा महिला एवं बाल सम्मान कोष के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने को भी कहा।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि मण्डल में विभिन्न श्रेणियों की सड़कों के लिए निर्धारित 9,451.74 किलोमीटर लक्ष्य के सापेक्ष 8,509 किलोमीटर कार्य पूर्ण किया गया है, जो लगभग 90 प्रतिशत है। जनपदवार प्रगति सीतापुर एवं उन्नाव में 94-94 प्रतिशत, लखीमपुर खीरी में 90 प्रतिशत, लखनऊ में 89 प्रतिशत, हरदोई में 85 प्रतिशत तथा रायबरेली में 84 प्रतिशत है। मण्डलायुक्त ने शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण कराते हुए सभी सड़कों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गड्ढामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की अपूर्ण एवं लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागवार कार्यों की वास्तविक समय-सीमा निर्धारित करने तथा भूमि, बजट एवं तकनीकी स्वीकृति से संबंधित बाधाओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही एक वर्ष से अधिक समय से लंबित परियोजनाओं के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीद की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, कृषक पंजीकरण एवं धान की मात्रा का सत्यापन समय से कराने तथा खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को फार्मर रजिस्ट्री के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण कराने तथा सहकारिता विभाग को किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत उत्सव भवन, अंत्येष्टि स्थल, जनसेवा केंद्र, पंचायत सहायकों के रिक्त पद, ऑडिट आपत्तियों तथा प्लास्टिक एवं सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट की प्रगति की समीक्षा की गई। डिजिटल लाइब्रेरी योजना के अंतर्गत 1,093 ग्राम पंचायतों में फर्नीचर की आपूर्ति पूर्ण हो चुकी है। पंचायत उत्सव भवन योजना में वित्तीय वर्ष 2025-26 के छह भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। अंत्येष्टि स्थल निर्माण योजना में निर्धारित 112 स्थलों के लक्ष्य के सापेक्ष 110 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। मण्डल की 6,553 ग्राम पंचायतों में से 5,466 में जनसेवा केंद्रों का संचालन प्रारंभ हो चुका है, जबकि 1,087 ग्राम पंचायतों में संचालन शेष है। इसी प्रकार 6,504 पंचायत सहायकों के कार्यरत होने के सापेक्ष 49 पद रिक्त हैं। मण्डलायुक्त ने शेष जनसेवा केंद्रों का संचालन प्रारंभ कराने एवं रिक्त पदों पर तैनाती की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
वर्ष 2010-11 से 2023-24 तक की लंबित 8,162 ऑडिट आपत्तियों में से मात्र 1,996 का निस्तारण हुआ है तथा 6,166 आपत्तियां लंबित हैं। इस पर मण्डलायुक्त द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए जनपदवार कार्ययोजना बनाकर लंबित आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट की 18 इकाइयों में से 16 क्रियाशील हैं। शेष दो इकाइयों का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने तथा सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत आवंटित धनराशि का नियमानुसार सदुपयोग करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जल निगम (ग्रामीण) की पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की पुनर्स्थापना प्राथमिकता पर कराने तथा सड़कों को पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की समीक्षा में ईवी पब्लिक चार्जिंग स्टेशन, विद्युत हानि वाले फीडरों तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति देखी गई। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुओं का नियमित टीकाकरण कराने तथा बीमार एवं अशक्त गोवंश के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के साथ गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी कर उनके पोषण स्तर में सुधार लाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल फेज-1 एवं फेज-2 के निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से पूर्ण कराने तथा तकनीकी समिति द्वारा जर्जर घोषित विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण एवं नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जर्जर भवनों का उपयोग किसी भी स्थिति में न होने दिया जाए।
मण्डलायुक्त ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2026 की जनपदवार रैंकिंग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनावार प्रगति का नियमित विश्लेषण करें। जिन योजनाओं में अपेक्षित उपलब्धि नहीं है, उनमें विशेष प्रयास कर रैंकिंग में सुधार लाया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त शिवाकान्त द्विवेदी सहित लखनऊ मण्डल के सभी छह जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।







