जालौन पुलिस की सूझबूझ के बाद बिखरने से बचा एक परिवार,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । पुलिस केवल अपराधियों को पकड़ने के लिए नहीं, बल्कि टूटते घरों को जोड़ने के लिए भी ढाल बन सकती है। इसका जीवंत उदाहरण कोतवाली स्थित मिशन शक्ति केंद्र में देखने को मिला, जहां पुलिस की सूझबूझ और प्रभावी काउंसलिंग से एक परिवार बिखरने से बच गया। आपसी कलह और मनमुटाव के बाद दंपति ने पुराने विवादों को पीछे छोड़कर फिर से एक नई शुरुआत करने का फैसला किया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी वंदना देवी ने कोतवाली पहुंचकर पति मनोज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वंदना का आरोप था कि उनका पति शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। जिसके चलते उनका रिश्ता टूटने की कगार पर है। मामले की गंभीरता लेते हुए मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी एसएसआई संजय कुमार यति और महिला आरक्षी सरिता कुमारी ने सक्रियता दिखाई। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शैलेंद्र भदौरिया और परिवार के अन्य जिम्मेदार सदस्यों की मौजूदगी में दोनों को समझाने का प्रयास किया गया। समझाने बुझाने के बाद पति मनोज को अपनी गलतियों का अहसास हुआ और आइंदा पत्नी का ध्यान रखने और उसके साथ हिंसक व्यवहार न करने की बात कही। जिसके बाद दोनों पक्ष साथ रहने को राजी हो गए। इस तरह एक परिवार बिखरने से बच गया।

24 क्वार्टर देशी शराब के साथ एक अरेस्ट,,

जालौन। देवनगर चौराहे के पास शराब की बिक्री करने के लिए ले जा रहे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है। पकड़े गए युवक के पास से 24 क्वार्टर देशी शराब के बरामद किए। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
मंगलवार की रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि देवनगर चौराहे पर एक युवक बिक्री के लिए शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसआई शिवम सेंगर मौके पर पहुंच गए और अकोढ़ी दुबे निवासी युवक जितेंद्र पाल उर्फ जीतू को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक के पास से पुलिस ने देशी शराब के 24 क्वार्टर बरामद किए हैं। पुलिस ने अवैध रूप शराब की बिक्री करने के मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।