सिरसा दोगढ़ी में प्लास्टिक मुक्त ग्राम का संकल्प, 382 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

Jalaun news today । जालौन जनपद में माधौगढ़ विकास खंड के ग्राम सिरसा दोगढ़ी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर अनुरागिनी संस्था की ओर से “समृद्ध पंचायत उत्सव” का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वच्छ ग्राम शपथ अभियान की शुरुआत के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।
स्वास्थ्य शिविर में 382 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श देने के साथ दवाएं वितरित कीं। वहीं स्वच्छ ग्राम अभियान के तहत महिलाओं ने गांव को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और स्वच्छता को दिनचर्या में शामिल करने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि मजबूत पंचायतें ही देश की नींव हैं। गांव स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर होंगे, तभी वास्तविक विकास संभव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ग्राम विकास को नई दिशा मिलती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य केवल सरकारी योजनाएं नहीं, बल्कि जनआंदोलन हैं। पंचायत स्तर पर इस तरह के आयोजन ग्रामीण विकास को गति देते हैं।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि सशक्त पंचायत ही समृद्ध गांव की पहचान है। ग्राम स्तर पर स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी को प्राथमिकता देना जरूरी है।
कार्यक्रम संयोजक उपेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में महिलाओं की भूमिका अहम रहेगी।
इस मौके पर उपायुक्त मनरेगा रामेंद्र प्रताप सिंह, सतीश सिंह सेंगर, महेश राजावत, देवेंद्र सिंह, शिव सिंह, केपी सिंह, सोनू तोमर, लोकेन्द्र सिंह, दिनेश सिंह, श्याम करन प्रजापति समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. प्रमोद कुमार अहिरवार, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. अशोक कुमार वर्मा, डॉ. नीलेंद्र सिंह और डॉ. सरिता देवी सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं दीं ।






