जालौन क्षेत्र में खाई में गिर कर पेड़ से टकराई स्कूली बच्चों से भरी वैन,, कई बच्चे घायल, यह बताई जा रही वजह

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल की बस उरई से जालौन आते समय अकोढ़ी दुबे श्रमदान के पास खाई में गिरकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 11 बच्चों समेत एक महिला शिक्षिका और क्लीनर घायल हो गए। चालक बस छोड़कर भाग निकला। एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां क्लीनर व तीन बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च संस्थान रेफर किया गया।
सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल उरई की बस बच्चों को लेने के लिए प्रतिदिन जालौन आती है। नगर से लगभग 20 बच्चे स्कूल पढ़ने के लिए जाते हैं। शुक्रवार को छुट्टी होने के बाद दोपहर करीब ढ़ाई बजे स्कूल बस बच्चों को वापस छोड़ने के लिए जालौन आ रही थी। जब बस अकोढ़ी दुबे श्रमदान के पास पहुंची तो अचानक से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में चली गई और एक पेड़ से टकराकर रूक गई।

अचानक हुए इस हादसे के बाद बच्चों में चीख पुकार मच गई। हादसे के समय बस में 16 बच्चे, चालक, परिचालक और एक महिला शिक्षिका मौजूद थी। हादसेे में अधिकांश बच्चे घायल हो गए। हादसा होते ही चालक देशराज बस छोड़कर मौके से भाग निकला। हादसे को लेकर बच्चों का कहना था कि बस चालक को नींद आ गई थी, जिससे हादसा हुआ जबकि क्लीनर ने बताया कि बस की स्टीयरिंग फेल होने से हादसा हुआ। अकोढ़ी दुबे श्रमदान के पास जब हादसा हुआ उस समय वहां से अपना दल के जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी अपनी कार लेकर निकल रहे थे। बस को दुर्घटनाग्रस्त देखकर उन्होंने गाड़ी रोकी और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के साथ ही उन्होंने भी अपनी गाड़ी से घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस कर्मियों और राहगीरों की मदद से सभी बच्चो और स्टॉफ को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुच गए। तुरंत सक्रिय हुए मेडिकल स्टॉफ ने बच्चों का उपचार शुरू किया।

परिचालक मुन्ना (60), लव पटेल (14) पुत्र मानवेंद्र, शिवांश (6) पुत्र श्याम, सूर्यप्रताप (11) पुत्र कुलदीप को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। जबकि चोटिल महिला शिक्षिका अंजली राजावत (24) पुत्री सत्यपाल, इंद्रवीर, (14) पुत्र मानवेंद्र, देवांश (13) पुत्र शैलेंद्र, वैष्णवी (9) पुत्री कुलदीप, यशवी (11) प्रदीप, टिया (11) पुत्री राहुल, तनवी (13) पुत्री अरूण, समर्थ (11) पुत्र अरूण, अध्ययन (12) पुत्र पुष्पेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलने पर सीओ अजय कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सतेंद्र गुप्ता, इंस्पेक्टर क्राइम विवेक कुमार मौर्य, एसआई शिवम सेंगर पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुचंे और बच्चों का हाल जाना।