रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र की जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरतना तहसील जालौन के एक लेखपाल को भारी पड़ गया। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अनियमितता पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही मिलने पर संबंधित लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जिलाधिकारी द्वारा आईजीआरएस संदर्भों की समीक्षा के दौरान तहसील जालौन में भदेख क्षेत्र में तैनात लेखपाल नीटू यादव की समीक्षा में पाया गया कि सीमांकन और ओलावृष्टि से संबंधित शिकायतों का नियमानुसार मौके पर जांच कर तथ्यात्मक निस्तारण करने के बजाय सरसरी तौर पर उनका निस्तारण कर दिया गया था। शिकायतों की क्रॉस जांच और शिकायतकर्ताओं से संवाद के दौरान मामला सही पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम राजेश पांडेय ने एसडीएम जालौन राकेश कुमार सोनी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद तहसीलदार जालौन की संस्तुति पर लेखपाल नीटू यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित लेखपाल ने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लगातार लापरवाही बरती। ओलावृष्टि राहत से जुड़े प्रकरणों में आवश्यक अभिलेख और प्रभावित किसानों के बैंक खातों का सही विवरण समय से उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे राहत वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई। प्रशासन की ओर से कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित सहयोग नहीं किया गया। एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने बताया कि लेखपाल नीटू यादव को कार्य में शिथिलता बरतने पर निलंबित किया गया है।






