जालौन में एसडीएम रिंकू राही के ट्रांसफर के बाद नगर की सड़कों पर बनी जाम की स्थिति,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में एसडीएम रिंकू सिंह राही के स्थानांतरण के बाद बुधवार को नगर में एक बार फिर अतिक्रमण की समस्या दिखाई दी। बुधवार सुबह बाजार खुलते ही कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर फुटपाथ और नालियों तक सामान सजाना शुरू कर दिया, जिससे प्रमुख मार्गों पर एक बार फिर जाम की समस्या होने लगी। हालांकि नगर पालिका द्वारा मुनादी तो कराई गई लेकिन व्यापारियों पर इसका असर नहीं दिखाई दिया।
नगर में तैनाती के बाद एसडीएम रिकूं सिंह राही ने नगर में आते ही सबसे पहले नगर को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया था। इस अभियान के बाद बाजार में पूर्णतः अतिक्रमण हट गया था। लोगों ने स्वयं ही दुकानों के बाहर जहां स्थाई अतिक्रमण को तोड़ लिया था और अस्थाई अतिक्रमण हटा लिया था। मंगलवार को उनके स्थानांतरण के बाद अतिक्रमणकारियों ने अपनी अपनी दुकानों के बाहर सामान रखना शुरू कर दिया था। इससे नगर में एक बार फिर जाम की स्थिति बनने लगी थी। इसकी जानकारी जब नगर पालिका को हुई को तो ईओ के निर्देश पर नगर में नगर पालिका की गाड़ियों से मुनादी कराई गई कि सभी दुकानदार पहले वाले स्थिति बरकरार रखें। अतिक्रमण करने की कोशिश न करें। यदि कोई दुकानदार सड़कों और फुटपाथ पर अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद कुछ दुकानदारों ने फुटपाथ से अपने सामान हटा लिए। हालांकि अधिकांश दुकानदारों पर इस चेतावनी का कोई असर नहीं हुआ। अतिक्रमण को लेकर ईओ सुशील कुमार ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमित निगरानी जारी रहेगी, यदि कोई अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।