साइबर अपराध से युवाओं को बचाने के लिए किया गया जागरूक

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर कोतवाली पुलिस ने नगर के मोहल्ला चौधरयाना स्थित एक लाइब्रेरी में युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सोशल मीडिया, मोबाइल और ऑनलाइन माध्यमों से हो रही ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की गई।
साइबर जागरूकता अभियान के दौरान महिला चौकी प्रभारी मधु देवी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। अपराधी लोगों को फोन कॉल, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया मैसेज और बैंकिंग एप के जरिए अपना शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनजान नंबरों से आने वाली कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या यूपीआई संबंधी जानकारी साझा न करें। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक टेक्नोलॉजी और बैंक केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली जालसाजी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि साइबर अपराधी खुद को पुलिस, सीबीआई या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और फिर उनसे पैसे ठग लेते हैं। कई बार फर्जी वीडियो और आवाज तैयार कर लोगों को भ्रमित किया जाता है। ऐसे मामलों में घबराने की बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देना चाहिए। अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर साझा करने से बचें। महिला कांस्टेबल रेणुका ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा चक्षु पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिकायत करते समय घटना की तारीख, समय और संबंधित विवरण जरूर दर्ज कराएं, ताकि कार्रवाई में आसानी हो सके। इस मौके पर प्रियंका, सरोज, सतेंद्र सिंह, मंजेश मधुकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।