जालौन क्षेत्र में हुई पूर्व बीडीसी सदस्य की हत्या का खुलासा, मुठभेड़ के बाद दो आरोपी अरेस्ट,,

पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में पूर्व बीडीसी सदस्य राजेश कुमार सलोनिया की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या में शामिल दो आरोपियों को पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। जबकि एक व्यक्ति को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, खून से सने कपड़े, अवैध असलहा, कारतूस व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि 14 नवंबर को ग्राम कुसमरा में हुई हत्या के संबंध में मृतक के पुत्र की तहरीर पर कोतवाली जालौन में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के अंडर ओवरब्रिज से ग्राम औरैखी की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, तो पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। इसमें हत्या में शामिल दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उनके कब्जे से अवैध असलहे, जिंदा व खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।इसके बाद पुलिस टीम ने उरगांव-पहाड़पुरा तिराहा पुलिया के पास से इसी मुकदमे में वांछित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ में उसने बताया कि 14 नवंबर को उसने अपने भाई व अन्य साथियों के साथ मिलकर राजेश कुमार सलोनिया की फावड़े व हथौड़े से मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पर्वतपुरा व कुसमरा के मध्य नहर पुलिया की दाहिनी पटरी पर झाड़ियों व बड़े पत्थर के नीचे छिपाकर रखा गया खून से सना लोहे का हथौड़ा तथा सह-अभियुक्तों द्वारा घटना के समय पहनी गई दो खून से सनी शर्ट बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार (51), निखिल (19) व संदीप (19) निवासी ग्राम कुसमरा शामिल हैं। मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली जालौन में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़