जालौन तहसील सभागार में हुआ शिक्षकों समेत अन्य कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण का आयोजन

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में परिषदीय शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ देने की दिशा में बुधवार को तहसील सभागार में कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। लंबे समय से शिक्षकों की कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग चली आ रही थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा कर बड़ी सौगात दी है। इससे अब शिक्षकों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता किए बिना बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें इलाज के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी। ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने कहा कि यह योजना शिक्षा परिवार के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। यह निर्णय शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश अवस्थी, राकेश निरंजन, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विद्यासागर मिश्र आदि रहे।

बारिश से बदला मौसम का मिजाज,उमस नही हुई कम

जालौन। मंगलवार को दोपहर बाद से रुक-रुककर हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही। जिससे मौसम का मिजाज बदला और लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन हवा में नमी बढ़ने से उमस पूरी तरह कम नहीं हो सकी। आसमान पर दिनभर बादलों का डेरा रहा और बीच-बीच में होने वाली बारिश से पारा कुछ नरम पड़ा। हालांकि बीच बीच में बारिश थमते ही उमस ने लोगों को परेशान किया।
मंगलवार को दोपहर बाद शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही। इसका असर नगर के बाजार में भी साफ दिखाई दिया। मौसम खराब होने के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा बाजारों में खरीदारों की संख्या कम रही। सुबह के समय तो दुकानों पर ग्राहक नजर आए। लेकिन बारिश शुरू होते ही कई दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए, जबकि सड़कें पर भी वाहन कम ही नजर आए। दोपहिया वाहन चालक बारिश से बचने के लिए दुकानों और शेड के नीचे रुकते दिखाई दिए। वहीं दूसरी ओर बारिश का आनंद लेने वालों की भी कमी नहीं रही। बच्चों ने बारिश का जमकर लुत्फ उठाया। कई मोहल्लों में बच्चे टोलियां बनाकर गलियों में बारिश के बीच घूमते, पानी में खेलते और मस्ती करते नजर आए। महिलाओं ने भी घरों की छतों और आंगनों में पहुंचकर फुहारों का आनंद लिया। लंबे समय बाद दिन में हुई अच्छी बारिश ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान जरूर ला दी। किसानों ने इस बारिश को फसलों के लिए लाभदायक बताया। किसान कौशल किशोर, बृजेश कुमार, सुनील श्रीवास्तव आदि ने कहा यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह समय-समय पर वर्षा होती रही तो खरीफ की फसलों को अच्छा लाभ मिलेगा।