सीओ जालौन ने ग्रहण किया पदभार,, मीडिया को बताई प्राथमिकता,इस गांव के ग्रामीणों को किया जागरूक

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन सर्किल के अंदर शांति व्यवस्था बनाए रखना पहला उद्देश्य होगा। किसी व्यक्ति को कोई समस्या है तो वह निसंकोच कार्यालय में संपर्क कर सकता है। आमजन की सुरक्षा और समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की जिम्मेदारी है। यह बात नवागंतुक सीओ अजय कुमार सिंह ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।
नवागत सीओ अजय कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तथा अपराध में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए बीट व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे। आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

सहाव  गांव में लोगों को किया जागरूक

जालौन। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ग्राम सहाव में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीओ एवं साइबर इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से सावधान रहने और डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
ग्राम सहाव में साइबर जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधी लोगों को विभिन्न तरीकों से झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से रकम निकाल लेते हैं। ऐसे में जागरूकता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। यदि कोई व्यक्ति फोन, मैसेज या सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक खाता, आधार, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी मांगता है तो उसे किसी भी स्थिति में साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर भरोसा करने के बजाय उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। साइबर इंस्पेक्टर नयन सिंह ने कहा कि बैंक खाता खुलवाने, केवाईसी अपडेट कराने या सिम कार्ड बंद होने का झांसा देकर मांगी जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति को न दें। उन्होंने सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग करते समय ऑनलाइन भुगतान या निजी जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी। मोबाइल फोन में समय-समय पर ऑपरेटिंग सिस्टम, एप और एंटीवायरस अपडेट करते रहने के लिए कहा। मोबाइल एप केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर जैसे अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें। किसी अज्ञात लिंक, मैसेज या एपीके फाइल पर क्लिक न करें, क्योंकि इससे मोबाइल हैक हो सकता है और बैंक खाते से रकम निकाली जा सकती है। उन्होंने लोगों को लॉटरी, लकी ड्रॉ, इनाम, नौकरी, निवेश या अधिक मुनाफे का झांसा देने वाले संदेशों से भी सावधान रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो समय गंवाए बिना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें। इस मौके पर कोतवाल हरिशंकर चंद, सतेंद्र, मनोज, दिनेश, राहुल, सुधीर आदि मौजूद रहे।