रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन कोतवाली क्षेत्र के नगर जालौन में एक कैफे संचालक की दबंगई का मामला सामने आया है, जहां खाने की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि कैफे संचालक ने अपने स्टाफ के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की और उसकी जेब से नकदी भी छीन ली। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुहल्ला नया खण्डेराव निवासी अनिल गुप्ता का पुत्र प्रांजल गुप्ता, जो दिल्ली में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा है, अपने चाचा के एक्सीडेंट की सूचना पर 29 अप्रैल को जालौन आया था। अगले दिन 30 अप्रैल को वह कस्बे के एक कैफे टाउन पर खाना खाने गया था। आरोप है कि खाना खराब होने की शिकायत करने पर कैफे संचालक पुनीत मुगदल व उसके साथियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों से मारपीट कर दी।
पीड़ित के अनुसार मारपीट के दौरान उसके कपड़े फट गए और जेब में रखे 400 रुपये भी छीन लिए गए। घटना के समय पीड़ित का पिता बाहर था, लौटने पर बेटे ने पूरी जानकारी दी। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि कैफे संचालक ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को झूठी सूचना दी।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सच्चाई सामने आई, जिससे कैफे संचालक की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित के पिता ने कोतवाली जालौन में तहरीर देकर आरोपी कैफे संचालक पुनीत मुगदल व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






