रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में मंगलवार को सहकारिता सप्ताह के अवसर पर क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड जालौन द्वारा सहकारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सहकारिता के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया।
सहकारी संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि सहकारिता समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं के सशक्तिकरण का एक प्रभावी माध्यम है। सहकारी संस्थाओं की रोजगार के अवसर प्रदान करने, आत्मनिर्भरता बढ़ाने और आर्थिक सुदृढ़ता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। विशिष्ट अतिथि अपर जिला सहकारी विकास अधिकारी हरिदास सिंह यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता ने एक नई दिशा प्राप्त की है। यह क्षेत्र अब न केवल आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है बल्कि सामाजिक न्याय और समानता को भी बढ़ावा दे रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्रय विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के अध्यक्ष राजासिंह सेंगर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर द्वारा राज्य में सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण और उनके प्रभावी संचालन के लिए विशेष प्रयास किए। जिसके चलते प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है जिसने प्रारंभिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) के लिए मॉडल बायलॉज को अपनाया है। सहकार भारती के प्रदेश सहसंयोजक सतीश सिंह सेंगर ने कहा कि राज्य में पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय सहकारी समितियों, डेयरी और मत्स्य सहकारी समितियों की स्थापना की जा रही है। इसके अतिरिक्त, पैक्स के माध्यम से प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र और पेट्रोल-डीजल पंपों का संचालन भी किया जा रहा है। इन प्रयासों ने सहकारी क्षेत्र को नए आयाम दिए हैं और इसे सशक्त बनाया है। इस मौके पर जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राजावत, राजासिंह सेंगर, भूमि विकास बैंक जालौन के प्रबंधक जमील अंसारी, धर्मेंद्र सिंह, श्याम, प्रेमबिहारी, पंकज सक्सेना, राजू विश्वकर्मा, नीरज गुर्जर, श्रवण श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।





