गुजरात के कच्छ मॉडल के अनुरूप तैयार हो रही जालौन के इस गांव में गौशाला, बीडीओ ने दी विस्तार से जानकारी

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम गधेला स्थित गोशाला को अब गुजरात के प्रसिद्ध कच्छ मॉडल के अनुरूप विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो इसे चरणबद्ध तरीके से विकास खंड की अन्य गोशालाओं में भी लागू किया जाएगा। यह जानकारी नवागंतुक खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रशांत दुबे ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।

बीडीओ प्रशांत दुबे ने बताया कि कच्छ मॉडल की गोशालाएं केवल निराश्रित गोवंश के संरक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रभावी कार्य किया जाता है। इस मॉडल के तहत गोवंश के लिए स्वच्छ एवं हवादार शेड, पर्याप्त हरा चारा, शुद्ध पेयजल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय-समय पर पशु चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही गोबर और गोमूत्र का वैज्ञानिक उपयोग कर जैविक खाद एवं अन्य उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिससे गोशालाओं की आय बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित होती है।

उन्होंने बताया कि गधेला गोशाला में भी इन व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। गोवंश की बेहतर देखभाल, साफ-सफाई, पौष्टिक चारे की उपलब्धता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और गोबर से जैविक खाद तैयार करने जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।