12 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में मिलेगा सम्मान, जिले से चार प्रतिनिधि करेंगे प्रतिभाग
पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
ब्यूरो रिपोर्ट
Orai / Jalaun news today । प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों में जालौन को शामिल किया गया है। योजना के अंतर्गत मासिक प्रगति और निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर प्रदेश के तीन जिलों जालौन, चित्रकूट और महोबा के जिलाधिकारियों को सम्मानित करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। आगामी 12 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में इन जिलों के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। जालौन के लिए यह उपलब्धि कृषि क्षेत्र में विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11.30 बजे से अपराह्न एक बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री करेंगे। उत्तर प्रदेश शासन के कृषि अनुभाग-5 ने इस संबंध में संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जालौन से चार प्रतिनिधि होंगे शामिल
योजना के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनपद जालौन से चार प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। इनमें जिलाधिकारी समीर, उप कृषि निदेशक एवं योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. गगन दीप सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. विस्टर जोशी तथा प्रगतिशील किसान अरुण कुमार सिंह शामिल हैं। अरुण कुमार सिंह विकासखंड डकोर के ग्राम हरदोई गूजर के निवासी हैं। उप कृषि निदेशक डॉ. गगन दीप सिंह की ओर से छह अक्टूबर को इस संबंध में अपर कृषि निदेशक (चावल), उत्तर प्रदेश, लखनऊ को पत्र भेजकर जनपद के प्रतिनिधियों का विवरण उपलब्ध कराया गया है। शासन के निर्देशानुसार इन प्रतिनिधियों को निर्धारित कार्यक्रम में प्रतिभाग करना है।
कृषि विकास और किसानों की आय बढ़ाना है उद्देश्य
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने, सिंचाई सुविधाओं में सुधार करने तथा किसानों को संस्थागत कृषि ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देना है। इसके साथ ही फसल कटाई के बाद उपज के सुरक्षित भंडारण, कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन और कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। योजना के तहत केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि एवं संबद्ध योजनाओं को राज्य सरकार की योजनाओं के साथ जोड़कर जिला स्तर पर समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाती है। इसके माध्यम से कृषि क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान और किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
प्रदेश के 12 जिलों में जालौन भी शामिल
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के लिए उत्तर प्रदेश के 12 जिलों का चयन किया गया है। इनमें जालौन के अलावा बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, प्रतापगढ़, प्रयागराज, श्रावस्ती, सोनभद्र और उन्नाव शामिल हैं। योजना के तहत जिलों में कृषि उत्पादकता, फसल सघनता और कृषि ऋण की उपलब्धता जैसे संकेतकों के आधार पर विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया जा रहा है। जालौन के जिलाधिकारी का सम्मान के लिए चयनित होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब 12 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में जनपद का प्रतिनिधिमंडल प्रतिभाग करेगा।
पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़




