रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग के ग्रामीणों द्वारा गांव में खेल के मैदान, बारात घर, अंत्येष्टि स्थल और अमृत सरोवर निर्माण की मांग को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने जिलाधिकारी को भेजी अपनी जांच रिपोर्ट में इन विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति का विवरण दिया है।
ग्रामीण गजेंद्र सिंह सेंगर ने आईजीआरएस पोर्टल पर गांव में खेल का मैदान, अंत्येष्टि स्थल, बारातघर आदि बनवाने की मांग की थी। जिस पर जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा जो रिपोर्ट दी गई है उसके अनुसार ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में वर्तमान में खेल के मैदान के नाम से कोई सरकारी भूमि दर्ज नहीं है। खेल के मैदान के लिए कम से कम 0.180 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। लेखपाल की जांच में गाटा संख्या 291 (रकबा 1.206 हेक्टेयर), जो कि खलिहान के रूप में दर्ज है, को खेल मैदान के लिए प्रस्तावित किया गया था। हालांकि, यह सुरक्षित श्रेणी की भूमि होने के कारण इसका श्रेणी परिवर्तन आवश्यक है। जिसके लिए अब राजस्व विभाग की अनुमति का इंतजार है। बारात घर के निर्माण को लेकर विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में शासन स्तर से इसके लिए कोई बजट प्राप्त नहीं हुआ है। धनराशि उपलब्ध होते ही नियमानुसार निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं, अंत्येष्टि स्थल के संबंध में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के लक्ष्य के अनुसार जनपद में 11 नए अंत्येष्टि स्थलों का चयन होना है। शासन की समिति के निर्णय और वरीयता के आधार पर कुठौंदा बुजुर्ग में इसके निर्माण पर विचार किया जाएगा। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि अमृत सरोवर का मामला मनरेगा और ग्राम विकास विभाग से संबंधित है, जिस पर विभाग द्वारा अलग से कार्यवाही की जा रही है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया है कि वे इस प्रकरण में व्यक्तिगत रुचि लेकर समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराएं ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।




