सौंदर्यीकरण के बाद भी तालाब में धोए जा रहे कपड़े,,लोगों ने की ये मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के वार्ड नंबर तीन में बने तालाब का नगर पालिका द्वारा सुंदरीकरण कराया गया है। सुंदरीकरण के बाद भी उसमें कपड़े धोए जा रहे हैं और गंदगी डाली जा रही है, जिससे पानी से बदबू आने लगी है।
नगर पालिका द्वारा नगर के तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है। वार्ड नंबर तीन के मोहल्ला जोशियाना के तालाब की खुदाई के बाद सुंदरीकरण कराया गया है। तालाब के चारों ओर पक्का फुटपाथ बनाया गया है और प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटें लगाई गई हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चारों ओर लोहे की ग्रिल लगाई गई है। नगर पालिका द्वारा सुंदरीकरण कराने के बाद मोहल्ले के लोग सुबह शाम यहां टहलने के लिए जाते हैं। गर्मी के मौसम में शाम के समय तालाब किनारे बैठकर लोग समय व्यतीत करते हैं। बगल में ही लाइब्रेरी होने के बाद छात्र छात्राओं का आना जाना व बैठना होता है। ऐसे में तालाब के स्वच्छ पानी में कुछ लोग साबुन आदि से कपड़े धोंते है और कपड़ों को ग्रिल पर सूखने के लिए डाल देते हैं। फुटपाथ पर जानवरों का गोबर डाल देते हैं और कंडा बनाते हैं। इसके साथ ही गंदगी को तालाब में फेक देते हैं जिससे तालाब का साफ पानी गंदा हो गया है और पानी से बदबू आ रही है। जिसके चलते लोग आसपास बैठ नहीं पा रहे हैं। फुटपाथ पर फैली गंदगी के चलते लोग टहल भी नहीं पा रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने तलाब की सफाई कराने और लोगों को गंदगी फैलाने रोकने की मांग की है। इस बाबत ईओ सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है, वह पता करके नियमानुसार कार्यवाही करेगें।