Jalaun news today । ओवरलोड के चलते नलकूपों पर बिजली न आने से धान की फसल सूखकर बर्बाद हो रही है। इसको लेकर परेशान किसान कदौरा ब्लॉक से 90 किमी चलकर जालौन तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
कालपी तहसील के ब्लॉक कदौरा क्षेत्र निवासी किसान उदनपुर निवासी बबलू रामबाबू, खुटमिली निवासी रवि सिंह, मुकुंद शुक्ला, ललित यादव, नामेंद्र सिंह, भोला आदि शनिवार की दोपहर 90 किमी दूर जालौन तहसील पहुंचे। किसानों ने बताया कि उनके क्षेत्र में बिजली की काफी समस्या है। इसके लिए वह डीएम से मिलने के लिए उरई आए थे लेकिन वहां पता चला कि डीएम जालौन में आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस में हैं तो वह यहां भी चले आए। किसानों ने बताया कि परौसा उपकेंद्र के उदनपुर फीडर में बागी, रोगी अजहरा, नजीरपुर, उदनपुर, इटौरा मौजा, कुसमरा, ख्ुाटमिली, जयजतपुर, ड्यूहा गढे़रा आदि गांव हैं। इस फीडर पर अधिक गांव होने के चलते ओवरलोड की समस्या बनी रहती है। ओवरलोड होने के चलते इस फीडर की मशीन बार बार खराब हो जाती है और बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। उनके क्षेत्र में करीब 2000 एकड़ में धान की फसल की बुवाई हुई है। लेकिन बिजली की समस्या के चलते नलकूप नहीं चल पा रहे हैं और फसल सूखकर बर्बाद हो रही है। इस बाबत बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। यदि ओवरलोड की समस्या के लिए अतिरिक्त मशीन की व्यवस्था करा दी जाए तो एक ही मशीन पर पड़ने वाला लोड कम हो जाएगा। वहीं, डीएम ने किसानों से बात कर उनकी समस्या को जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।



