जनपद में 14 से 20 अप्रैल 2026 चलेगा जनजागरूकता एवं सुरक्षा अभियान
आशुतोष शर्मा की रिपोर्ट

Orai / Jalaun news today । जालौन में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अपने आवास से अग्निशमन विभाग की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
इस अवसर पर अग्निशमन अधिकारी अरविंद सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज दृ आग की रोकथाम के लिए एक साथ” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जागरूकता रैलियां, स्कूलों और अस्पतालों में मॉक ड्रिल, अग्नि सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग का प्रशिक्षण और लोगों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से विद्यालयों और अस्पतालों जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आग की घटनाएं अक्सर लापरवाही और जानकारी के अभाव में होती हैं। यदि समय रहते सावधानी बरती जाए और सुरक्षा उपायों का पालन किया जाए तो बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरणों और ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास करें। अग्निशमन विभाग की टीम हर समय सहायता के लिए तैयार रहती है। इस अभियान के माध्यम से प्रशासन का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग तक अग्नि सुरक्षा का संदेश पहुंचे और लोग अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा के प्रति सजग बनें। अग्निशमन सेवा सप्ताह न केवल जागरूकता का अभियान है बल्कि यह जीवन और संपत्ति की सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है।
14 अप्रैल 1944 को जहाज में लगी आग बुझाने में 66 कर्मियों ने दी थी प्राणों कीे आहुति
उरई। अग्निशमन सेवा उत्तर प्रदेश के अंतर्गत 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। 14 अप्रैल 1944 को बॉम्बे डॉकयार्ड में रूई की बड़ी-बड़ी गांठों एवं तेल के ड्रमों से भरा “फोर्ट स्टाइकाइन” नामक जहाज खड़ा था, जिसमें अचानक भीषण अग्निकांड हो गया और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दुर्घटना में अग्निशमन कर्मियों ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं वीरता का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया, किन्तु इसी दौरान हुए भीषण विस्फोट में 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। इस हृदयविदारक घटना की गूंज पूरे देश में सुनाई दी, तभी से इन वीर शहीद अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को “अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है तथा 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह आयोजित किया जाता है, जिससे जनमानस को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके।






