रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन का 75वां स्थापना दिवस स्थानीय भारतीय जीवन बीमा निगम शाखा में संगठन के पदाधिकारियों ने केक काटकर मनाया। इस दौरान कर्मचारियों, अभिकर्ताओं और पॉलिसीधारकों को मिष्ठान वितरित किया गया और उन्हें सम्मानित भी किया गया।
ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन (एआईआईएए) के 75वें स्थापना दिवस पर एलआईसी की स्थानीय शाखा में आयोजित कार्यक्रम में यूनियन सचिव कॉमरेड अफसार अहमद ने बताया कि संगठन की स्थापना एक जुलाई 1951 को मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में हुई थी। तब से संगठन बीमा कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, सार्वजनिक क्षेत्र के संरक्षण और श्रमिक हितों के लिए लगातार संघर्ष करता आ रहा है। संगठन ने समय-समय पर कर्मचारियों के शोषण के खिलाफ आवाज उठाई है और भारतीय जीवन बीमा निगम सहित सार्वजनिक उपक्रमों को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान समय में सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों और ट्रेड यूनियनों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे समय में कर्मचारियों को संगठित रहकर लोकतांत्रिक मूल्यों और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा। अध्यक्ष सुशील कुशवाहा ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, संस्थान की मजबूती और बेहतर कार्य संस्कृति के लिए सभी को संगठन के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए। इस मौके पर सुशांत सोनकर, मुकेश कुमार, श्रीराम, पवन प्रताप, राममोहन, देवेंद्र, मुरारी, अमित, किशन कुमार, रामकुमार, शेखर श्रीवास्तव, गजेंद्र सिंह, हरि प्रकाश, इमरान आदि रहे।







