Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

अलविदा 2022 : लखनऊ में महिलाओं से जुड़ी 73 प्रतिशत शिकायतों का हुआ निस्तारण,,,

एंटी रोमियो दल ने 46,494 लोगों को हिदायद दे कर छोड़ा

(रिपोर्ट – संजय सिंह)

लखनऊ । राजधानी लखनऊ के थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है। यहां पर मामलों की सुनवाई तत्काल की जाती है। महिला हेल्प डेस्क में घरेलू हिंसा के अलावा छेड़छाड़, मारपीट और गुमशुदगी के मामले भी आए हैं। इस साल अब तक महिलाओं से जुड़ी 18,479 शिकायतों में से 13,582 (करीब 73 प्रतिशत) शिकायतों का निस्तारण भी पुलिस कमिश्नरेट कर चुकी है।
पुलिस आयुक्त एसबी शिरडकर के मुताबिक महिला से जुड़े अपराधों और उसके निस्तारण के लिए प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई थी। लखनऊ के सभी थानों में भी महिला हेल्प डेस्क प्रमुखता से संचालित है और यहां पर आने वाली छोटी-बड़ी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लिया जाता है। इस वर्ष महिला हेल्प डेस्क में 18,479 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 13,582 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है। बाकी पर कार्रवाई चल रही है। उन्होंने बताया कि एंटी रोमियो दल ने स्कूल, कॉलेज, मॉल और सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाकर कुल 46,494 व्यक्तियों से पूछताछ कर हिदायत देकर छोड़ा। आईपीसी की धारा 294 में 69 मुकदमे दर्ज करते हुए 70 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। इतना ही नहीं जोन बनाकर 780 व्यक्तियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई। पुलिस आयुक्त ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नरेट के थानों में आने वाली शिकायतों को त्वरित कार्रवाई कर उसका निस्तारण किया जा रहा है। महिला अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जो भी ठोस कदम उठाने होंगे, उठाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में महिला और बालिकाओं की सुरक्षा मिशन शक्ति की शुरुआत करने के बाद राज्य सरकार ने वर्ष 2020 में प्रदेश के 1,535 थानों में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया था। हेल्प डेस्क में महिलाओं से संबंधित समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। तय समय-सीमा में फाइनल रिपोर्ट भी लगती है। महिला और बालिकाओं की समस्या के निदान एवं सुरक्षा के संबंध में अलग से महिला कांस्टेबल और कक्ष की व्यवस्था भी है।

Leave a Comment