होली पर सज गयी रंग व पिचकारी की दुकानें,, लोगो मे है उत्साह

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन में होली के पर्व को लेकर नगर के बाजार में इन दिनों खासा उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। मुख्य बाजार, सब्जी मंडी मार्ग और मोहल्लों की छोटी दुकानों तक रंग-बिरंगे सामान से सजी नजर आ रही हैं। बच्चों से लेकर युवाओं तक में होली को लेकर जबरदस्त उत्साह है और बाजारों में पिचकारी, मुखौटे, रंग और गुलाल की खरीदारी जोरों पर है।
सबसे अधिक आकर्षण बच्चों में पिचकारियों को लेकर देखा जा रहा है। बाजार में पारंपरिक छोटी पिचकारी से लेकर बड़ी टैंक वाली पिचकारियां उपलब्ध हैं। कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारी, सुपरहीरो थीम पिचकारी, बंदूक आकार की वॉटर गन, प्रेशर पंप पिचकारी और कार्टून पिचकारी बच्चों को खासा लुभा रही हैं। छोटे बच्चों के लिए हल्की प्लास्टिक की रंगीन पिचकारियां भी उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत भी किफायती रखी गई है। मुखौटों की बात करें तो इस बार बाजार में विभिन्न प्रकार के मुखौटे आए हैं। राक्षस, जोकर, फिल्मी किरदार, जानवरों के चेहरे, सुपरहीरो और पारंपरिक होली थीम वाले मुखौटे बच्चों और युवाओं को आकर्षित कर रहे हैं। जोकर और डरावने चेहरे वाले मुखौटे किशोरों में ज्यादा लोकप्रिय हैं। वहीं छोटे बच्चों के लिए कार्टून आधारित और पशु-पक्षी आकार के मुखौटे खूब पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा गदा भी बच्चों को लुभा रही है। रंग और गुलाल की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ रही है। इस बार लोग रासायनिक रंगों की बजाय हर्बल और गुलाल को अधिक पसंद कर रहे हैं। गुलाबी, लाल, पीला, हरा और बैंगनी रंग के गुलाल की मांग अधिक है।