रिपोर्ट रामबाबू
लखनऊ/मऊ/सपा बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव राम बाबू सुदर्शन ने बताया कि जनपद मऊ के मधुबन विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत अमिला में संविधान बचाओ पीडीए सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा सरकार पर संविधान, आरक्षण और दलित-पिछड़े वर्गों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने कहा कि भाजपा सरकार ने पीडीए वर्ग के साथ छलावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संविधान को कमजोर करने और आरक्षण पर डाका डालने का काम कर रही है। भारती ने कहा कि बहुजन समाज सब कुछ संज्ञान में ले चुका है और इसका जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाकर संविधान और आरक्षण की रक्षा की जाएगी। उनका कहना था कि संविधान बचेगा तो देश और लोकतंत्र मजबूत रहेगा।
विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री एवं सपा विधायक राजेंद्र कुमार ने भाजपा पर झूठ का जाल फैलाने और दलितों पर अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने की, जबकि संचालन राम भवन प्रसाद ने किया। सम्मेलन में लीलावती कुशवाहा, अशोक गौतम, अल्ताफ अंसारी, कुदुस अंसारी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मधुबन विधानसभा अध्यक्ष चंद्रकांत उर्फ अप्पू मौर्या ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया।





