(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । उत्तर प्रदेश के जालौन नगर में शातिर ने आवास के रुपये खाते में भेजने के नाम पर लोहापीटा महिला से 10 हजार रुपये खाते में डलवाए। इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। पीड़ित महिला ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बालमभट्ट निवासी लोहापीटा महिला अंगूरी देवी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन कर उसे बताया कि उसके आवास की धनराशि उसके खाते में आनी है। इसके लिए वह उसके बताए खाते में 2500 रुपये ट्रांसफर कर दे। विश्वास में आकर उसने उस व्यक्ति के बताए खते में 2500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। दोबारा से उसने फोन कर बताया कि उसका पैन कार्ड नहीं लगा है। तो रुपये नहीं आ सकेंगे। यदि रुपये मंगाना है तो पैन कार्ड के लिए 5000 रुपये और भेजो। उसने बताए हुए खाते में 5000 रुपये और भेज दिए। इसी प्रकार तीसरी बार एक अन्य कागजात न होने की बात कहते हुए 2500 रुपये और मंगा लिए और कहा कि एक घंटे में रुपये उसके एकाउंट में आ जाएंगे। तय समय बीतने के बाद जब रुपये नहीं आए तो उसने मोबाइली पर फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ आया। कई बार फोन करने के बाद भी उसका फोन नहीं मिला। तब उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित महिला ने बताया कि मेहनत मजदूरी कर उसने रुपये जोे़ड़े थे। उसके रुपये वापस कराए जाएं। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।





