जालौन के इस गांव में बुढ़वा मंगल पर दिखा श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम,,भक्तभाव से निकली राम राजा की बारात

Oplus_131072

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के खर्रा गांव में बुढ़वा मंगल के पावन पर्व पर राम राजा सरकार शांति धाम मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, हवन-पूजन और राम नाम संकीर्तन का आयोजन शुरू हो गया। इसके बाद बैंड-बाजों के साथ भगवान राम राजा सरकार की भव्य बारात निकाली गई। बारात में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए।

राम राजा सरकार शांति धाम के प्रबंधक वैद्य अखिलेश सिंह एवं संचालक आशीष सिंह की देखरेख में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सुबह विधि-विधान से भगवान की पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में हवन-पूजन हुआ। इसमें बाहर से आए साधु-संतों ने भी आहुति देकर लोककल्याण की कामना की। वहीं राम नाम संकीर्तन से पूरा शांति धाम परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

हवन-पूजन के बाद भगवान राम राजा सरकार की बारात बैंड-बाजों के साथ मंदिर परिसर से निकाली गई। बारात यज्ञशाला से होते हुए गांव के विभिन्न मार्गों पर पहुंची और भ्रमण करते हुए वापस मंदिर परिसर में पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर नृत्य करते दिखाई दिए।

गोसेवा का दिया संदेश, पांच गायें दान

बुढ़वा मंगल के अवसर पर शांति धाम के संचालक आशीष सिंह ने पांच गायों का दान भी किया। इस पहल के माध्यम से गोसेवा का संदेश दिया गया। धार्मिक आयोजन के बीच गायों के दान से श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिला।

मरीजों का हुआ निशुल्क उपचार

शांति धाम की ओर से सेवा कार्य भी किया गया। यहां आने वाले मरीजों का निशुल्क उपचार किया गया और उन्हें आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क वितरित की गईं। आयोजकों के अनुसार धार्मिक आयोजन के साथ जरूरतमंदों की सेवा को भी शांति धाम की गतिविधियों में प्राथमिकता दी जाती है।

प्रबंधक वैद्य अखिलेश सिंह ने बताया कि शांति धाम में प्रत्येक वर्ष बुढ़वा मंगल के अवसर पर भगवान राम राजा सरकार की बारात निकालने के साथ हवन-पूजन और राम नाम संकीर्तन का आयोजन किया जाता है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में सेवा, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पूरे दिन शांति धाम परिसर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा ।


उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105