किन्नर गद्दीपति से हुए विवाद में कोतवाल से मिले किन्नर ,,मिला ये आश्वासन

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर में लगभग 10 दिन पूर्व किन्नर गद्दी पर कब्जा करने को लेकर कुछ किन्नरों ने मिलकर गद्दीपति के साथ मारपीट कर दी थी। मामले में शनिवार को विभिन्न स्थानों से किन्नर गद्दीपति एकत्रित होकर कोतवाली पहुंचे। जहां कोतवाल ने वार्ता कर उनसे कागजात लिए और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फर्दनवीस निवासी किन्नर गुरू गद्दीपति रेखाबाई ने बीती 31 मार्च को कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि किन्नर समाज के ही कुछ लोगों ने उनकी गद्दी पर कब्जा करने को लेकर मारपीट की थी। इसी मामले को लेकर किन्नर गुरू रेखाबाई के साथ कानपुर से किरन व नीलम, घाटमपुर से मुन्नी, शकील मोंठ, कैलाश सेंवढ़ा, एट से मलका, इटावा से अनारकली, उरई से दिव्या नायक, बंगरा से कामिनी, रामपुरा से मोहिनी, कालपी से शर्मीली, औरैया से बबली, विधूना से चमेली, पुखरायां से अनीता समेत आधा सैंकड़ा से अधिक किन्नर समाज के लोग शनिवार की शाम किन्नर गुरू रेखाबाई के समर्थन में कोतवाली पहुंच गए। जहां कोतवाल हरिशंकर चंद ने उनसे वार्ता की। जिसमें किन्नरों ने बताया कि रेखाबाई जालौन से अधिकृत गद्दीपति हैं। उन्होंने उनके समर्थन में लिखकर भी दिया है। साथ ही पुलिस में वह वसीयत भी दिखाई है जिसमें रेखाबाई के गुरू ने उन्हें जालौन क्षेत्र से अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। पुलिस ने सभी कागजात लेकर उन्हें आश्वासन दिया कि वह उचित कार्रवाई करेंगे। कोतवाल के आश्वासन के बाद किन्नर समाज के लोग कोतवाली से चले गए। इस दौरान तकरीबन तीन घंटे तक कोतवाली में किन्नर समाज के लोग डटे रहे। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि किन्नर गुरू के समर्थन में किन्नर समाज के लोग आए थे। जिन्होंने रेखा गुरू को अधिकृत किए जाने संबंधी कागजात दिए हैं। जांच के बाद जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।