जालौन क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते गिरा मजदूर का मकान,,मलबे के नीचे दबा सामान,एसडीएम से मदद की गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते ताबां में मजदूर का कच्चा घर गिर गया। घर गिरने से मजदूर रामकरन याज्ञिक का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। परिवार के सामने रहने के साथ-साथ खाने-पीने की भी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और रहने के लिए आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम ताबां निवासी रामकरन याज्ञिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका कच्चा मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारों और मिट्टी में नमी बढ़ती गई। बारिश का पानी भरने और मिट्टी कमजोर होने के बाद मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि जिस समय मकान धराशायी हुआ, परिवार के लोग उसके अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या रहने की हो गई है। बारिश के मौसम में कच्चा आशियाना छिन जाने से परिवार के सदस्यों को खुले आसमान के नीचे समय बिताना पड़ेगा। रामकरन ने बताया कि घर में रखा गृहस्थी का सामान, कपड़े, अनाज आदि भी मलबे के नीचे दब गया है। अभी उनके पास रहने को कोई दूसरा ठिकाना नहीं है। पहले ही उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और अब मकान गिर जाने से वह पूरी तरह संकट में आ गए है। घर दोबारा बनवाने की स्थिति भी उनके पास नहीं है। गरीब मजदूर ने मकान का सर्वे कराकर मुआवजा और आवास दिलाने की मांग एसडीएम से की है।


पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़