जालौन के इस विद्यालय में हुआ जल संरक्षण पर व्याख्यान एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में भारत विकास परिषद के तत्वावधान में कन्हैया लाल अग्रवाल मेमोरियल बाल विद्या मंदिर के परिसर में जल संरक्षण विषय पर व्याख्यान एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर और अपने विचारों के माध्यम से जल संरक्षण की आवश्यकता को बताया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में रंगों और चित्रों के माध्यम से जल की बर्बादी रोकने, वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण तथा पानी के सदुपयोग का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में जल संकट को लेकर चिंता के साथ ही लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी दिखाई दिया। भारत विकास परिषद के निवर्तमान अध्रूक्ष डॉ. वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि पानी का कोई विकल्प नहीं है। वर्तमान समय में जिस तेजी से जलस्तर नीचे जा रहा है, उसे देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पानी की एक-एक बूंद बचाने की आदत डालनी होगी। घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने के साथ ही वर्षा जल को संरक्षित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए। डॉ. धर्मेंद्र मिश्रा ने जल संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया। छात्र-छात्राओं की प्रतिभा का मूल्यांकन अनंत श्रीवास्तव एवं डॉ. वेद प्रकाश शर्मा ने किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भारत विकास परिषद की ओर से शील्ड देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नंद कुमार राठौर ने किया। इस मौके पर प्रबंधक पूरन लाल अग्रवाल, डायरेक्टर खुशबू अग्रवाल, उपप्रबंधक विपुल अग्रवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता, सुशील बाजपेई, इंचार्ज प्रधानाचार्य आशीष कुमार चतुर्वेदी, राजीव माहेश्वरी, राजू पोरवाल, अशोक गुप्ता आदि रहे।