रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। चिकित्साधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक किया गया और मलेरिया मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. केडी गुप्ता ने लोगों से बुखार आने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर मलेरिया की जांच और दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने भ्रांतियों और झाड़-फूंक से बचने की सलाह देते हुए कहा कि मलेरिया का इलाज चिकित्सा विज्ञान में पूरी तरह संभव है। मच्छरों से बचने के लिए उन्होंने रात में मच्छरदानी का प्रयोग करने पर भी जोर दिया। डॉ. राजीव दुबे ने इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस की थीम ‘संकल्पित अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा’ बताई। उन्होंने जानकारी दी कि भारत मलेरिया उन्मूलन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और लगभग 80 प्रतिशत मलेरिया समाप्त हो चुका है। हालांकि, पूर्ण उन्मूलन के लिए सामुदायिक सहयोग जरूरी है। डॉ. सहन बिहारी गुप्ता ने मलेरिया से बचने के लिए सावधानियां बरतने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि रुके हुए पानी में मच्छर के लार्वा पनपते हैं। इसलिए घर के आसपास जल भराव न होने दें। उन्होंने ‘हर रविवार-मलेरिया पर वार’ अभियान के तहत लोगों से कूलर, गमलों और पुराने टायरों की नियमित सफाई करने और पानी बदलने की अपील की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम और उपस्थितजनों ने मिलकर मलेरिया मुक्त भारत बनाने की शपथ ली। इस मौके डॉ. विनोद राजपूत, डॉ. योगेश आर्या, डॉ. पीएन शर्मा, अवधेश राजपूत, सचिन, देवेंद्र, शैलेंद्र भदोरिया आदि रहे।





