रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में अतिरिक्त दहेज में बाइक, जंजीर व दो लाख रुपए की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ ससुरालवालों ने प्रताड़ित कर स्त्रीधन छीन लिया और बेटियों के साथ उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने जेठ पर छेड़छाड़ व ससुरालवालों पर दहेज का आरोप लगाते हुए न्यायालय में वाद दायर किया था। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व जेठ के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुसमरा निवासिनी अर्चना साहू पत्नी अरविंद साहू पुत्री भिखारी साहू हाल निवासी पटेल नगर उरई ने बताया कि उनके पिता ने अपनी हैसियत से हिन्दू रीति रिवाज से 13 मई 2019 में उसका विवाह अरविंद निवासी ग्राम कुसमरा के साथ किया था। विवाह में 10 लाख रुपए का दान दहेज का सामान आभूषण व नकदी दी थी। विवाह में पिता द्वारा दिए गए दान दहेज से ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं थे तथा अतिरिक्त दहेज के रूप में सोने की जंजीर, बुलेट मोटरसाइकिल व दो लाख रुपए नकद की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुराल के लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला का आरोप है कि 28 जनवरी 2025 को उनके पति बाहर गये हुए थे। इसी दौरान जेठ नरेंद्र सुबह चार बजे उनके कमरे घुस आए और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़कर उसे घर से निकाल दिया था। पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस से की थी। लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही न करने पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पति आनंद, सास सुखदेई, जेठ नरेंद्र, जेठानी विनीता, जेठ धर्मेंद्र, जेठानी स्नेहा उर्फ विमलेशी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व जेठ के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
