पति की लंबी उम्र की कामना लेकर विवाहित महिलाओं ने रखा करवा चौथ व्रत,,

Oplus_131072

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । चांद का दीदार, हाथों में सजी मेहंदी, सोलह शृंगार और पति की लंबी उम्र की कामना। कुछ इसी खूबसूरत अंदाज में नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में करवा चौथ का पर्व आस्था, प्रेम और विश्वास के साथ मनाया गया। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद रात में चंद्रमा के उदय होते ही सुहागिन महिलाओं ने छलनी से चांद और फिर अपने जीवनसाथी के दर्शन किए। चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की और पति की दीर्घायु व सुखी दांपत्य जीवन की कामना की। इसके बाद पतियों ने अपने हाथों से पानी और मिठाई खिलाकर पत्नी का व्रत खुलवाया। इस खास मौके पर पतियों ने उपहार देकर जीवनसंगिनी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी।


गुरूवार को कार्तिक मास की चतुर्थी पर करवा चौथ को लेकर सुहागिनों ने पूरे दिन निर्जला रहकर पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखा। शाम होते ही महिलाएं सजने-संवरने में जुट गईं। रंग-बिरंगे परिधानों, चूड़ियों, बिंदी, सिंदूर और सोलह शृंगार से सजी महिलाओं ने पूजा की थाली तैयार की। शाम को विधि-विधान से भगवान गणेश, भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने अपने जीवनसाथी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और दांपत्य जीवन में प्रेम व खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। घरों में पर्व की परंपराओं के अनुसार पूजा की तैयारियां की गईं। कई घरों में महिलाओं ने परिवार के लिए पकवान भी तैयार किए।

-छलनी से चांद और फिर पति के किए दीदार-

रात में चंद्रमा के उदय होने का इंतजार कर रही महिलाओं की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं। चांद दिखाई देते ही महिलाओं ने छलनी से उसके दर्शन किए और फिर उसी छलनी से अपने पति का चेहरा देखा। चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित कर आरती उतारी और व्रत की परंपरा पूरी की। इसके बाद पति के साथ परिवार के बड़े-बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पतियों ने पत्नी को पानी और मिठाई खिलाकर व्रत खुलवाया। इस भावुक और खुशनुमा पल ने पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया। इस पल को महिलाएं मोबाइल पर कैद करना नहीं भूली और जमकर सेल्फी लीं।

-मोबाइल से लेकर ज्वैलरी तक मिले उपहार-

करवा चौथ पर पतियों ने अपनी पत्नियों को खुश करने के लिए तरह-तरह के उपहार दिए। किसी को महंगा मोबाइल फोन मिला तो किसी को सोने के आभूषण, चॉकलेट और अन्य आकर्षक गिफ्ट दिए गए। उपहार पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। वहीं बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं।