(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today ।जालौन नगर में गुरुवार को मां नवदुर्गा नगर सेवा समिति के तत्वावधान में गुप्त नवरात्रि के पर्व पर चुनरी एवं कलश पद यात्रा की रूपरेखा बनाई गई। इस दौरान कार्यक्रम के लिए लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
मां नवदुर्गा नगर सेवा समिति की एक बैठक बड़ी माता मंदिर पर की गई। जिसमें 19 फरवरी को गुप्त नवरात्रि के अवसर पर 151 मीटर चुनरी एवं 301 कलश पद यात्रा के आयोजन की रूपरेखा बनाने के साथ ही सदस्यों को कार्यक्रम की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई। बैठक में तय हुआ कि गुप्त नवरात्रि पर आगामी 19 फरवरी दिन सोमवार की सुबह बड़ी माता मंदिर पर महिला एवं पुरूष भक्त एकत्रित होंगे। प्रातः 8 बजे 151 मीटर चुनरी और 301 कलश के साथ बड़ी माता मंदिर से यात्रा का प्रारंभ होगा। यह यात्रा नगर के विभिन्न मंदिरों और प्रमुख स्थलों से होकर अकोढ़ी दुबे स्थित मां कामांक्षा देवी मंदिर पहुंचेगी। जहां माता रानी को 111 मीटर चुनरी चढ़ाई जाएगी। इसके अलावा समिति द्वारा विशाल भंडारा के आयोजन की भी रुपरेखा बनाई गई। संरक्षक शैलेंद्र सिंह राजावत व अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कलश लेने के लिए समिति के सदस्यों से संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर दीपक पाटकार, पुष्पेंद्र यादव, शिवम शर्मा, दीपेंद्र कुशवाहा, राज पाटकर, हर्षित गुप्ता, राघवेंद्र सिंह, आयुष श्रीवास्तव, नीरज राठौर, रोहित पाटकर आदि मौजूद रहे।






