रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के सेठ वीरेंद्र कुमार महाविद्यालय में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में मानव श्रृंखला और नारी शक्ति पद यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका की अगुवाई में संपन्न हुआ, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
नगर पालिका चेयरपर्सन नेहा पुनीत मित्तल के नेतृत्व में निकली मानव श्रृंखला गूढ़ा न्यामतपुर स्थित महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर आसपास के मार्गों तक निकली। इस दौरान छात्राएं हाथों में जागरूकता से जुड़े संदेशों की तख्तियां लेकर खड़ी रहीं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के समर्थन में नारे लगाए। इसके साथ ही नारी शक्ति पद यात्रा के माध्यम से भी लोगों को इस अधिनियम के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। इसके लागू होने से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी 33 प्रतिशत तक सुनिश्चित होगी, जिससे महिलाएं नीति निर्धारण और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल महिलाओं को सम्मान मिलेगा, बल्कि समाज में उनकी स्थिति भी और मजबूत होगी। इस अवसर पर छात्राओं को अधिनियम से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर नम्रता श्रीवास्तव, अल्शिफा, आरती, काजल, देवांगिनी सिंह, मुस्कान साहू, रिया, नंदनी, सोनम, सुरभि, उजाला देवी आदि रहीं।






